नूरपुर पुलिस के एसआईयू दल की बड़ी कार्रवाई, 288 ग्राम चरस के साथ दो चुराहवासी युवक गिरफ्तार

नुरपुर /कांगड़ा 23 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। सीआईए (CIA) दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो व्यक्तियों को कुल 288 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती एक बार फिर सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक नूरपुर Kulbhushan Verma ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते दिन शाम के समय पुलिस टीम मथोली तथा पुलिस लाइन क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान जसूर से गनोह की ओर पैदल जा रहे दो व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर अचानक घबरा गए और मौके से भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस को उनके हावभाव संदिग्ध लगे, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम ने घेराबंदी कर दोनों को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 288 ग्राम चरस बरामद की गई। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान 41 वर्षीय इन्द्र , निवासी भजरांडू, तहसील चुराह जिला चंबा तथा 61 वर्षीय सुरेन्द्र रावत , निवासी तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर में मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है। आज दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि नूरपुर पुलिस नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के इस अभियान को सफल बनाया जा सके।