चंबा में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, साच पास मार्ग बंद, प्रशासन की एडवाइजरी जारी

चम्बा 04 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में बीते कई घंटों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। जहां एक ओर इस बारिश को किसान फसलों के लिए वरदान मान रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आम लोगों के लिए यह मौसम परेशानी का कारण बन गया है। अप्रैल माह में सामान्यतः गर्मी की शुरुआत हो जाती है, लेकिन इस बार ठंड दिसंबर जैसे हालात पैदा कर रही है, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि वे गर्मी के कपड़े पहनें या सर्दी के।लगातार बारिश और ठंड के चलते दैनिक जीवन भी प्रभावित हुआ है। लोगों को घरों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम रौनक देखने को मिल रही है।

वहीं, इस असामान्य मौसम का असर पर्यटन गतिविधियों पर भी पड़ा है। आमतौर पर अप्रैल में मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने के कारण पर्यटक पहाड़ों का रुख करते हैं, लेकिन इस बार ठंडे मौसम के कारण पर्यटकों की संख्या में कमी देखी जा रही है।जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के सभी मुख्य मार्ग फिलहाल खुले हैं और यातायात सामान्य रूप से जारी है। हालांकि, साच पास मार्ग पर बर्फबारी के कारण चंबा-पांगी मार्ग बंद है, वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग 154ए पठानकोट-भरमौर पूरी तरह से खुला हुआ है और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।

प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से भेड़ पालकों और आम नागरिकों को ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से बचने की हिदायत दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।