सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ अभियान तेज, ज़िला चंबा मे अब तक 807 किशोरियों को लगा HPV का टीका

चंबा 09 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा 09 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)जिला चंबा में किशोरियों को जानलेवा सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा चलाया जा रहा एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान तेजी पकड़ रहा है। इस अभियान के तहत अब तक जिले की 807 किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया जा चुका है, जो एक सकारात्मक और उत्साहजनक पहल मानी जा रही है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जिले की हर पात्र किशोरी तक इस जीवनरक्षक टीके को पहुंचाना है, ताकि भविष्य में उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खतरे से सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने बताया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप है। भारत सरकार द्वारा भी इस टीके को राष्ट्रीय स्तर पर प्राथमिकता दी जा रही है और इसे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों और स्कूलों में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की अधिक से अधिक किशोरियों को इस अभियान से जोड़ा जा सके। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से घर-घर जाकर जागरूकता भी फैलाई जा रही है।डॉ. भारद्वाज ने अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांतियों पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों को इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि यह टीका न केवल कैंसर से बचाव करता है, बल्कि बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की भी गारंटी है। उन्होंने कहा कि चंबा जिला इस अभियान में निरंतर प्रगति कर रहा है अगला टिका अब 11- 12 अप्रैल 19 अप्रैल ओर 26 अप्रैल ओर 3 मई को जिले के 27 स्वास्थ्य केंद्र मे लगवाया जा रहा है और आने वाले दिनों में यह अभियान शत-प्रतिशत लक्ष्य सहित हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है।