बुशहर कार्निवाल की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की शिरकत

बुशहर कार्निवाल की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की शिरकत

शिमला 08 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

चार दिवसीय ऐतिहासिक फाग मेले के अवसर पर आयोजित बुशहर कार्निवाल ने एक बार फिर रामपुर में सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना दिया। बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन द्वारा पिछले पांच वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा यह कार्निवाल अब क्षेत्र का प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन बन चुका है। यह कार्यक्रम न केवल स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है, बल्कि युवाओं को अपनी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर के मैदान में 5 से 7 मार्च तक आयोजित तीन दिवसीय बुशहर कार्निवाल की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, जो बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं, विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इससे पहले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के रामपुर स्थित सर्किट हाउस पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारियों, स्थानीय जनता और पार्टी पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं भी रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का उन्होंने आश्वासन दिया।बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन रामपुर के अध्यक्ष राहुल सोनी ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और मंत्री विक्रमादित्य सिंह को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह के मार्गदर्शन और एसोसिएशन के अथक प्रयासों से यह आयोजन हर वर्ष अधिक भव्य रूप ले रहा है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार और पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह के प्रदेश के विकास में दिए योगदान को भी याद किया।समारोह के दौरान बुशहर कार्निवाल की स्मारिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में हिमफैड के अध्यक्ष महेश्वर चौहान, एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह, एसडीपीओ नरेश शर्मा, बोर्ड ऑफ टूरिज्म के डायरेक्टर यशपाल सोनी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र मनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!