पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत का निरीक्षण, संयुक्त सचिव एस.के. झा ने सराही शैक्षणिक गतिविधियां

डलहौजी/ चम्बा 01 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालयों में संचालित गतिविधियों की समीक्षा एवं निगरानी के लिए आज पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में फील्ड निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व नोडल अधिकारी एवं भारत सरकार के राजस्व विभाग के संयुक्त सचिव एस.के. झा ने किया।इस अवसर पर उनके साथ भावना शर्मा झा, प्रधान प्रोटोकॉल अधिकारी संजीव ठाकुर, जिला चंबा के पीएम श्री विद्यालयों के नोडल अधिकारी रोहित शर्मा तथा डलहौजी स्थित पीएम श्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या बंदना भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स और स्कूल बैंड द्वारा अतिथियों के भव्य स्वागत के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं ने तिलक, स्वागत कार्ड और बैज भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया।विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती करमजीत कौर ने मुख्य अतिथियों का स्वागत ज्ञान के प्रतीक स्वरूप पुस्तकें भेंट कर किया। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने विद्यालय की रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान और जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। इसके साथ ही गणित प्रयोगशाला में नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण दल ने कंप्यूटर लैब, व्यावसायिक शिक्षा कक्ष और भाषा प्रयोगशाला का भी दौरा किया, जहां डिजिटल संसाधनों और कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यों की सराहना की गई।

विद्यालय के पुस्तकालय में विद्यार्थियों में पठन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की गई। इसके अतिरिक्त सीएमपी कक्ष में प्राथमिक कक्षाओं के लिए अपनाई गई अभिनव शिक्षण विधियों का प्रदर्शन किया गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय में स्वच्छता व्यवस्था, अभिलेख संधारण और शैक्षणिक गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।

अंत में प्राचार्या करमजीत कौर ने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम श्री योजना के माध्यम से विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण और समग्र शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का समापन अल्पाहार और सौहार्दपूर्ण संवाद के साथ हुआ।