मेडिकल कॉलेज चंबा में मरीजों के 8–10 मोबाइल फोन चोरी, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मेडिकल कॉलेज चंबा में मरीजों के 8–10 मोबाइल फोन चोरी, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चम्बा 10 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बीती रात चोरी की एक घटना सामने आई है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में चिंता और नाराज़गी का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार अस्पताल में भर्ती मरीजों के लगभग 8 से 10 मोबाइल फोन रात के समय चोरी हो गए। घटना का पता उस समय चला जब सुबह मरीजों और उनके परिजनों ने अपने मोबाइल फोन गायब पाए।बताया जा रहा है कि यह चोरी अस्पताल के वार्डों में हुई, जहां मरीज उपचार के लिए भर्ती हैं। अचानक मोबाइल फोन चोरी होने की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में हलचल मच गई। मरीजों और उनके परिजनों ने इस घटना को लेकर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

उनका कहना है कि अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए आते हैं, ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए।गौरतलब है कि अस्पताल से कुछ ही दूरी पर सदर थाना चंबा स्थित है, बावजूद इसके चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे अस्पताल परिसर में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब अस्पताल परिसर में चोरी की घटना सामने आई हो। इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं।वहीं इस मामले को लेकर जब पुलिस अधीक्षक चंबा से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए ठोस कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले लोगों के साथ इस तरह की घटनाएं होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!