नूरपुर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, भारी जुर्माना के साथ 16 वाहन जब्त

नूरपुर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, भारी जुर्माना के साथ 16 वाहन जब्त

नुरपुर / कांगडा 30 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)

नूरपुर पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 16 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में व्यापक चेकिंग और गश्त के दौरान की गई, जिसमें बिना वैध दस्तावेजों के खनन सामग्री ले जाते और अवैध रूप से खनन करते वाहन पकड़े गए।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, थाना इंदौरा (मीलवां) क्षेत्र में 11 ट्रक-डंपर, जो सभी पंजाब पंजीकृत थे, बिना वैध कागजात के बजरी ढोते हुए पकड़े गए। इन सभी वाहनों के चालान कर उन्हें माइनिंग एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया।
वहीं थाना डमटाल के अंतर्गत बांई अटरिया और कंदरौड़ी क्षेत्र में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 1 टिप्पर, 1 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी को बिना वैध एम-फॉर्म (M-Form) के अवैध खनन करते हुए पकड़ा। इन वाहनों को भी मौके पर ही इम्पाउंड कर दिया गया।


इसके अलावा पुलिस चौकी कंडवाल क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त 2 अन्य वाहनों—1 टिप्पर और 1 मल्टी एक्सल ट्रेलर—को Mines and Minerals Act के तहत जब्त किया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई के तहत कुल 16 वाहनों के चालान किए गए और सभी को जब्त कर लिया गया है। इस सारे मामले को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा का कहना है कि अवैध खनन से प्राकृतिक संसाधनों को भारी नुकसान पहुंचता है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ Zero Tolerance नीति के तहत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!