डलहौज़ी के रतिंदर सिंह का राष्ट्रीय माउंटेन बाइक साइक्लिंग चैंपियनशिप के लिए चयन

डलहौज़ी के रतिंदर सिंह का राष्ट्रीय माउंटेन बाइक साइक्लिंग चैंपियनशिप के लिए चयन

डलहौजी/चम्बा 03 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौज़ी क्षेत्र के लिए यह गर्व का क्षण है कि वार्ड नंबर 2, लोहाली गांव तहसील डलहौज़ी जिला चंबा निवासी रतिंदर सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा जारी हिमाचल प्रदेश की आधिकारिक एंट्री लिस्ट में उनका नाम शामिल किया गया है। रीटिंदर का चयन 22वीं सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर नेशनल माउंटेन बाइक साइक्लिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जो 12 से 15 फरवरी 2026 तक रोइंग, अरुणाचल प्रदेश में आयोजित की जाएगी।रतिंदर को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में Men Elite श्रेणी में चयनित किया गया है। हिमाचल प्रदेश की आधिकारिक सूची में उनका नाम 19वें क्रमांक पर दर्ज है। उनका चयन न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों का परिणाम है, बल्कि यह हिमाचल प्रदेश और विशेषकर चंबा जिले के खेल इतिहास में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

इस उपलब्धि की खबर मिलते ही डलहौज़ी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय नागरिकों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने रतिंदर को बधाइयाँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। रतिंदर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को दिया है। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और माता-पिता के सहयोग के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।रतिंदर के पिता डलहौज़ी में होटल व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और बेटे के राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने पर उन्हें गहरा गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि रतिंदर ने कठिन परिस्थितियों में भी अभ्यास जारी रखा और आज उसी मेहनत का परिणाम सामने है।रतिंदर का यह चयन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है और उम्मीद की जा रही है कि वह राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!