मैहल अनाथालय में बच्चे के साथ मारपीट के आरोप, परिजनों ने जांच की मांग उठाई

चंबा 18 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपमंडल तीसा के अंतर्गत ग्राम दिलोला से संबंधित एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसमें अनाथालय में रह रहे दो मासूम बच्चों में से एक के साथ कथित मारपीट के आरोप लगे हैं। इस संबंध में खेमराज पुत्र सरीत राम निवासी गांव दिलोला, तहसील चुराह, जिला चंबा ने उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल को एक लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।जानकारी के अनुसार, खेमराज के छोटे भाई के निधन के बाद बच्चों की मां उन्हें छोड़कर कहीं चली गई, जिसके चलते दोनों बच्चे—तरुण शर्मा और करण शर्मा—अनाथ हो गए। इसके बाद रिश्तेदारों और ग्रामीणों की सहमति से दोनों बच्चों को पालन-पोषण के लिए मैहला स्थित अनाथालय में भेजा गया था।बताया जा रहा है कि लगभग तीन महीने बाद बच्चों के ताया खेमराज को सूचना मिली कि दोनों बच्चे बीमार हैं।

सूचना मिलते ही वह चंबा अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पाया कि एक बच्चा बीमार है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल अवस्था में है। खेमराज का आरोप है कि बच्चों से बातचीत के दौरान उन्हें पता चला कि एक बच्चे को अनाथालय प्रबंधन द्वारा बुरी तरह पीटा गया है, हालांकि मारपीट के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।इस घटना के बाद खेमराज ने आज उपायुक्त से मामले की जांच कराने के साथ-साथ बच्चों की जिम्मेदारी उन्हें और उनके परिवार को सौंपने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अनाथालय में बच्चों को सुरक्षित माहौल नहीं मिला, जिससे वे डरे-सहमे और घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं।वहीं, इस मामले पर अनाथालय प्रबंधन का कहना है कि बच्चा खेलते समय गिर गया था, जिससे उसे चोटें आईं और उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रबंधन ने मारपीट के आरोपों को सिरे से खारिज किया है।फिलहाल, प्रशासन से इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।