मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुहन का किया निरक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर दिया जोर

डलहोजी/ चम्बा 27 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जालम भारद्वाज द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुहन का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का समग्र मूल्यांकन करना था।निरीक्षण के दौरान डॉ. जालम भारद्वाज ने अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने चिकित्सकीय उपकरणों की स्थिति, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई की व्यवस्था, स्टाफ की उपस्थिति तथा मरीजों के साथ किए जा रहे व्यवहार का बारीकी से जायजा लिया।

उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर और उचित उपचार मिल सके।इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सहानुभूतिपूर्ण सेवाएं प्रदान करना प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित स्वास्थ्य केंद्रों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, इसलिए यहां सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेक कुमार भी उपस्थित रहे।

उन्होंने अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी दी और आवश्यक सुधारों के लिए सुझाव भी साझा किए।अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ को निर्देशित किया कि वे अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें।