
तीसा (ढांजू ) में पुलिस ने बरामद की 25.23 ग्राम अफीम, आरोपी गिरफ्तार
तीसा / चुराह 23 मार्च दिलीप सिंह ठाकुर
पुलिस थाना तीसा की टीम ने एक विशेष अभियान के तहत उपमंडल तीसा के गांव ढांजू में तलाशी अभियान के दौरान एक व्यक्ति से 25.23 ग्राम अफीम बरामद की है। यह कार्रवाई बीते कल शनिवार की है जब गुप्तचरों से सुचना प्राप्त हुई कि एक नशा तस्कर नशे की खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में है , जिसमें पुलिस ने तत्काल प्रभाव से छापेमारी की।जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान शौकत अली पुत्र मजीद मुहम्मद, निवासी गांव व डाकघर जांगी, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 25.23 ग्राम अफीम बरामद की, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि नशीले पदार्थों के खिलाफ जिला पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आरोपी युवक को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है, और आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि वह इस अवैध नशीले पदार्थ की तस्करी में शामिल था या फिर इसकी खरीद-फरोख्त से संबंधित किसी अन्य अपराध से जुड़ा हुआ है।पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि नशीले पदार्थों के खिलाफ सहयोग करें और यदि कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि जिले को नशामुक्त बनाया जा सके।