स्वास्थ्य विभाग को मिली अल्ट्रापोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन, टीबी उन्मूलन अभियान को मिलेगा बल :- डॉ. विपिन ठाकुर

स्वास्थ्य विभाग को मिली अल्ट्रापोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन, टीबी उन्मूलन अभियान को मिलेगा बल :- डॉ. विपिन ठाकुर

चंबा, 5 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा के स्वास्थ्य विभाग को निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के अंतर्गत एक आधुनिक अल्ट्रापोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन प्राप्त हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर ने बताया कि यह मशीन जिले की चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि यह एक्स-रे मशीन विशेष रूप से दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में मरीजों की जांच को सुलभ और त्वरित बनाने में सहायक सिद्ध होगी। इस उपकरण का प्राथमिक उपयोग टीबी (क्षय रोग) उन्मूलन कार्यक्रम के तहत किया जाएगा। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित निक्षय शिविरों में इस मशीन के माध्यम से मरीजों की टीबी जांच की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यह भी बताया कि हुडको द्वारा दिसंबर माह में एक इसी प्रकार की मशीन पहले भी स्वास्थ्य विभाग को प्रदान की गई थी। उस मशीन की सहायता से विगत 100 दिवसीय टीबी स्क्रीनिंग अभियान के दौरान टीबी संक्रमण के संभावित लक्षणों वाले उच्च जोखिम समूहों के 14,257 लोगों की जांच की गई थी।

अब दूसरी अल्ट्रापोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन की उपलब्धता से टीबी जांच की प्रक्रिया और अधिक व्यापक एवं प्रभावशाली बन सकेगी। डॉ. ठाकुर ने कहा कि यह तकनीकी संसाधन ग्रामीण व जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और सशक्त बनाएगा तथा टीबी के उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!