जिला चंबा में उचित मूल्य दुकानों के आवंटन हेतु 28 फरवरी तक आवेदन आमंत्रित

चम्बा 16 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के विभिन्न विकासखंडों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत नई उचित मूल्य दुकानों के आवंटन के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा 28 फरवरी तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी जिला नियंत्रक कर्ण कुमार ने दी।उन्होंने बताया कि भटियात विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत ककरोटी (वार्ड नंबर–3) तथा ग्राम पंचायत रायपुर के गांव मराड में, विकासखंड तीसा के तहत गांव चिल्ली (ग्राम पंचायत शन्तेवां) एवं गांव चमारा (ग्राम पंचायत डोंरी) में, जबकि विकासखंड चंबा में गांव एयरवार्ड (ग्राम पंचायत मसरूड) में उचित मूल्य की दुकानें खोली जानी प्रस्तावित हैं।जिला नियंत्रक ने बताया कि इन दुकानों के लिए सार्वजनिक संस्थान अथवा सार्वजनिक निकाय, ग्राम पंचायतें, स्वयं सहायता समूह, सहकारी सभाएं, एकल नारी, महिलाओं द्वारा संचालित समूह, वे विधवा महिलाएं जो अपने बच्चों का स्वयं पालन-पोषण कर रही हों, शारीरिक रूप से दिव्यांग व्यक्ति (जो दुकान संचालन में सक्षम हों), भूतपूर्व सैनिक तथा शिक्षित बेरोजगार व्यक्ति आवेदन करने के पात्र होंगे। पात्रता की शर्त यह भी है कि आवेदक के परिवार का कोई भी सदस्य नियमित रोजगार में न हो।

आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास होना अनिवार्य है। आवेदन पत्र के साथ दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र, वित्तीय स्थिति से संबंधित दस्तावेज, बेरोजगार होने का प्रमाण पत्र, दुकान की उपलब्धता एवं भंडारण क्षमता से जुड़े दस्तावेज संलग्न करना आवश्यक होगा। भूतपूर्व सैनिक अथवा शिक्षित बेरोजगार की स्थिति में स्वयं एवं परिवार के किसी भी सदस्य के नियमित रोजगार में न होने का प्रमाण पत्र भी अनिवार्य किया गया है। सभी दस्तावेजों की स्वयं सत्यापित प्रतियां ऑनलाइन अपलोड करनी होंगी, अन्यथा आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा।पात्र व्यक्ति एवं संस्थाएं विभाग की वेबसाइट https://emerginghimachal.hp.gov.in पर निर्धारित शर्तों के अनुरूप आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01899-222401 पर संपर्क किया जा सकता है।