खैरी में एसआईयु पुलिस दल की बड़ी कार्रवाई, 5 किलो 128 ग्राम चरस बरामद, 60 वर्षीय बुजुर्ग गिरफ्तार

खैरी/ चम्बा 25 दिसम्बर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसआईयु पुलिस दल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आज सायं लगभग सवा सात बजे, नड्डल रोड पर मेरनन चौक से खैरी की ओर गश्त (पेट्रोलिंग) के दौरान पुलिस ने 5.128 किलोग्राम चरस (कैनाबिस) बरामद की है। यह मादक पदार्थ एक आरोपी के कब्जे से बरामद किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मेरनन चौक के समीप एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस द्वारा जब उसे रोककर पूछताछ की गई तो वह घबरा गया और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। शक के आधार पर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिशन दास पुत्र बरफी, निवासी गांव संधी, डाकघर टप्पर, तहसील बनी, जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया और मादक पदार्थ को कब्जे में ले लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना खैरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से यह पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।पुलिस अधिक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि नशे के खिलाफ अभियान को और अधिक तेज किया गया है तथा जिले में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें नशा तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।इस कार्रवाई को पुलिस की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है, जिससे नशा तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।