बर्फीले रास्तों और पहाड़ी मोड़ों पर भी चंबा पुलिस मुस्तैद, आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि

बर्फीले रास्तों और पहाड़ी मोड़ों पर भी चंबा पुलिस मुस्तैद, आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि

चम्बा 31 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले में इन दिनों हो रही भारी बर्फबारी और कठिन मौसम परिस्थितियों के बीच चंबा पुलिस आम जनता की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रही है। बर्फीले रास्ते हों या खतरनाक पहाड़ी मोड़, चंबा पुलिस हर हालात में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार डटी हुई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, वाहन जांच और जनसेवा के माध्यम से पुलिस द्वारा 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि चंबा पुलिस 24 घंटे, सातों दिन आमजन की सेवा में तत्पर है।

उन्होंने बताया कि बर्फबारी के दौरान फिसलन भरी सड़कों, बंद मार्गों और आपात स्थितियों में पुलिस टीमों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। यातायात पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित वाहन जांच की जा रही है और लोगों को सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम कभी भी अचानक बदल सकता है, ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। चंबा पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने का कार्य कर रही है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता, मरीजों को सुरक्षित पहुंचाने, फंसे हुए यात्रियों की मदद और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी अहम भूमिका निभा रही है।


उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे यात्रा से पूर्व मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
चंबा पुलिस का स्पष्ट संदेश है—आप निश्चिंत रहें, आपकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। कठिन परिस्थितियों में भी चंबा पुलिस जनसेवा और सुरक्षा के अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!