गोवंश को बचाने के प्रयास में खाद्य पूर्ति विभाग का पिकअप वाहन खाई में गिरा, चालक गंभीर

डलहौजी/ चम्बा 12 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
ढलोग–कैहल मुख्य मार्ग पर स्थित गांव बासा के समीप आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें खाद्य पूर्ति विभाग का एक महिंद्रा पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा उस समय हुआ जब पिकअप वाहन नंबर एचपी 73बी-2153 ढलोग से चुहन की ओर सरकारी राशन सामग्री लेकर जा रहा था।प्राप्त जानकारी के अनुसार जैसे ही वाहन गांव बासा के पास पहुंचा, अचानक सड़क पर एक गोवंश आ गया। गोवंश को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।इस दुर्घटना में वाहन चालक सहित उसमें सवार एक अन्य युवक घायल हो गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बनीखेत पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने चालक की हालत को गंभीर देखते हुए उसे सिविल अस्पताल डलहौजी रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, दूसरे घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।घायल चालक की पहचान 26 वर्षीय सुनील पुत्र निवासी गांव संग्रैण, डाकघर बलेरा, तहसील भाटियात, जिला चंबा के रूप में हुई है।

जबकि वाहन में सवार दूसरे युवक की पहचान अजय कुमार पुत्र पुरुषोत्तम, निवासी बनीखेत, तहसील डलहौजी, जिला चंबा के रूप में की गई है।हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क पर अचानक गोवंश का आ जाना बताया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
