अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2025 की सभी तैयारियां पूर्ण, सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद:-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

चंबा, 27 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2025 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विधिवत् पूजा अर्चना के साथ आज इसका आगाज़ हो रहा है।मेला आयोजन के साथ-साथ सुरक्षा प्रबंधों को भी अंतिम रूप दे दिया गया है। यह जानकारी उपायुक्त एवं मिंजर मेला कमेटी के अध्यक्ष मुकेश रेपसवाल ने दी। उन्होंने बताया कि इस बार मेले में प्रदेश भर के कलाकारों, खासकर युवा प्रतिभाओं को विशेष मंच प्रदान किया गया है ताकि सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ा जा सके।मेले की सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम 27 जुलाई से आरंभ होंगे।आज प्रथम संध्या में कुमार साहिल, गौरव कौंडल, गुलशन पाल, भावना जरयाल और बनगढ़ पुलिस बैंड प्रस्तुति देंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि मेला क्षेत्र को तीन सेक्टरों में विभाजित किया गया है: चौगान नंबर-1, चौगान नंबर 2 से 5, और ट्रैफिक/पार्किंग क्षेत्र। सुरक्षा के लिए 500 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं, जिनका नेतृत्व पांच राजपत्रित अधिकारी करेंगे।पुलिस ग्राउंड बारगा को पार्किंग स्थल बनाया गया है और भरमौर चौक से इरावती चौक तक वाहन पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष दस्ते तैनात किए गए हैं और सभी होटलों व सरायों की जांच की जा रही है।सुरक्षा निगरानी के लिए पूरे मेला क्षेत्र में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग चौगान स्थित नियंत्रण कक्ष से होगी। यातायात नियंत्रण के लिए सुल्तानपुर, बालू और हरदासपुर में बैरियर स्थापित किए गए हैं।पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि मेले के दौरान विभिन्न खेलकूद गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जिससे सभी आयु वर्ग के लोग इसमें सक्रिय रूप से भाग ले सकें।