हिमाचल प्रदेश सरकार फॉर्च्यूनर गाड़ियों और महंगे मोबाइल फोन पर जनता का पैसा उड़ा रही है :- सोनू ठाकुर

चम्बा 05 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सोनू ठाकुर ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश की आर्थिक बदहाली का बहाना बनाकर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि सरकार जनता के टैक्स के पैसे को फॉर्च्यूनर गाड़ियों, महंगे मोबाइल फोन और सत्ता के सुख-साधनों पर बेरहमी से लुटा रही है।सोनू ठाकुर ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री कर्मचारियों, पेंशनरों, बेरोज़गार युवाओं और गरीब जनता को उनका हक़ देने के नाम पर “ख़ज़ाना खाली है” का राग अलापते हैं, वहीं दूसरी तरफ मंत्रियों, अधिकारियों और मित्रों के लिए *50-50 लाख रुपये की फॉर्च्यूनर गाड़ियाँ और करीब 20 करोड़ रुपये के महंगे मोबाइल फोन खरीदे जा रहे हैं। यह सीधा-सीधा जनता के धन की लूट है।उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के लिए खरीदी गई फॉर्च्यूनर गाड़ी पर तंज कसते हुए कहा कि यह गाड़ी दो साल बाद शायद उन्हीं के काम आएगी, क्योंकि जिस तरह से कांग्रेस सरकार ने जनता का भरोसा तोड़ा है, उससे साफ है कि यह सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं करने वाली। जनता सब देख रही है और हिसाब ज़रूर करेगी।सोनू ठाकुर ने कहा कि जब मंत्रियों के लिए फॉर्च्यूनर गाड़ियाँ खरीदी जा रही थीं, उसी समय सरकारी अधिकारियों ने भी अपने लिए नई महंगी गाड़ियों की मांग शुरू कर दी। यह कहकर कि मौजूदा वाहन 3 लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुके हैं और रिपेयर महंगी पड़ रही है, नई गाड़ियाँ खरीदने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। यानी सरकार में रहते हुए लूट की खुली छूट दी जा रही है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जागरूक, शिक्षित और समझदार जनता कांग्रेस सरकार के इस दोहरे और पाखंडी चरित्र को पूरी तरह समझ चुकी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने बारी-बारी से सत्ता में रहकर जनता को ठगा है। इसी कारण आज प्रदेश की जनता आम आदमी पार्टी को एक मज़बूत तीसरे विकल्प के रूप में देख रही है।सोनू ठाकुर ने आरोप लगाया कि जनता के इसी बढ़ते गुस्से से डरकर वर्तमान सरकार पंचायत चुनाव और स्थानीय निकाय चुनावों को किसी न किसी बहाने से टालने की कोशिश कर रही है। लेकिन कांग्रेस सरकार यह याद रखे—चुनाव टालने से सच्चाई नहीं बदलती। आम आदमी पार्टी जनता के हक़ की इस लड़ाई को सड़क से सदन तक पूरी ताक़त से लड़ेगी और फिजूलखर्ची करने वालों को सत्ता से बाहर कर के रहेगी।