“डिजिटल एवं फाइनेंशियल लिटरेसी” अभियान की शुरुआत, डिजिटल वैन को हरी झंडी

चम्बा 23 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने आज जिला प्रशासन और सेवा हिमालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “डिजिटल एवं फाइनेंशियल लिटरेसी” अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने डिजिटल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जिले के दूर-दराज़ क्षेत्रों में जाकर लोगों को डिजिटल और वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक करेगी।मीडिया से बातचीत करते हुए उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल जागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों तक डिजिटल साक्षरता एवं वित्तीय जानकारी पहुंचाना है, ताकि आमजन आधुनिक तकनीक का सुरक्षित और प्रभावी उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा आज के दौर की अनिवार्य आवश्यकता बन चुकी है।

अभियान के माध्यम से लोगों को डिजिटल लेन-देन, ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, साइबर सुरक्षा, बैंकिंग सेवाओं की जानकारी तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। डिजिटल वैन के साथ प्रशिक्षित युवा गांव-गांव जाकर व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे, जिससे लोग आत्मनिर्भर बन सकें और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग कर सकें।उपायुक्त ने बताया कि अभियान में विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस पहल से जुड़ें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।अभियान में सेवा हिमालय, पहाड़, होम एसोसिएशन, रोजीटेक और इरा सहित विभिन्न संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। इस अवसर पर मनुज शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।