नशा तस्करी पर नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 200 ग्राम चरस सहित दो आरोपी गिरफ्तार

कांगड़ा (नुरपुर ) 1 3 फरवरी चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस(ब्यूरो)
नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस नूरपुर को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। जब बुधवार की रात को गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने मुकाम भलूण पुल के समीप एक स्कार्पियो वाहन से 200 ग्राम चरस बरामद की गई। यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर स्कार्पियो वाहन नंबर HP-01C-3118 को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 200 ग्राम चरस बरामद की गई। मौके पर ही पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। आरोपियों की पहचान दिनेश शर्मा उर्फ विक्की पुत्र विद्याधर निवासी गांव बाड़ी, डाकघर एवं तहसील भरमौर, जिला चंबा (हिमाचल प्रदेश) तथा अनिल कुमार पुत्र कांटा राम, निवासी वडग्राम, तहसील भरमौर, जिला चंबा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।इस संबंध में थाना नूरपुर में धारा 20, 25 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद की गई स्कार्पियो गाड़ी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।जिला पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और भविष्य में भी ऐसे अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे। पुलिसअधीक्षक ने आम जनता से भी अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को तुरंत दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके ।