चंबा में नाकाबंदी के दौरान एसआईयू दल को कुल 109 ग्राम चरस बरामद, 29 वर्षीय युवक गिरफ्तार

चम्बा 27 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है इसी अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। आज दोपहर करीब ढाई ब बजे चंबा–साहो मुख्य मार्ग पर गांव बन्नू के समीप नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार युवक से 109 ग्राम चरस/कैनाबिस बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस के एसआईयु दल द्वारा नियमित जांच के दौरान की गई।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाकाबंदी के समय एक मोटरसाइकिल नंबर HP48B-4614, हीरो सुपर स्प्लेंडर, साहो की ओर से बालू की तरफ आती हुई दिखाई दी।

पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर मोटरसाइकिल को रोककर चालक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे पीले रंग के लिफाफे में छुपाकर रखी गई 109 ग्राम चरस बरामद की गई।आरोपी की पहचान 29 वर्षीय मोहम्मद दीन, पुत्र फजल दीन, निवासी गांव चलोगा, डाकघर जडेरा, तहसील एवं जिला चंबा, के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर चरस को कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।इस संबंध में पुलिस थाना सदर चंबा में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। इस सारे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी द्वारा की गई है उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस नशे से जुड़े किसी भी व्यक्ति को नहीं बक्शेगी नशे के खिलाफप्रदेश सरकार द्वारा छेड़ा गया अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा ।

चंबा पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और यदि किसी भी प्रकार की नशीले पदार्थों से संबंधित गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस अधीक्षक यह भी दोहराया कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ।
