केन्द्रीय मंत्री किरण रिजिजू से मिले हज कमेटी चेयरमैन दिलदार अली बट्ट, चंबा के विकास से जुड़ी 5 सूत्रीय मांगें रखीं

केन्द्रीय मंत्री किरण रिजिजू से मिले हज कमेटी चेयरमैन दिलदार अली बट्ट, चंबा के विकास से जुड़ी 5 सूत्रीय मांगें रखीं

तीसा/चम्बा 01 मार्च मुकेश कुमार गोल्डी

जिला चंबा के प्रवास पर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री किरण रिजिजू से हिमाचल प्रदेश हज कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली बट्ट ने शिष्टाचार भेंट कर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान बट्ट ने केन्द्रीय मंत्री को पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए जिला चंबा के समग्र विकास तथा अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित विषयों पर सकारात्मक पहल की मांग की।मांगपत्र में सबसे पहले चंबा में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा गया। बट्ट ने बताया कि वर्तमान में जिला चंबा के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए पालमपुर जाना पड़ता है। पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण यह यात्रा आम नागरिकों के लिए समय और आर्थिक दृष्टि से काफी कठिन साबित होती है। उन्होंने कहा कि यदि जिला मुख्यालय चंबा में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित किया जाता है तो हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।इसके अतिरिक्त हज यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिमला और चंबा में हज हाउस के निर्माण के लिए विशेष बजट उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी गई। बट्ट ने कहा कि हज हाउस बनने से प्रदेश के हज यात्रियों को प्रशिक्षण, ठहराव और अन्य आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।बट्ट ने अपने मांगपत्र में चंबा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक महत्व के बावजूद आधारभूत ढांचे की कमी के कारण जिला अपनी पूरी क्षमता तक विकसित नहीं हो पाया है। यदि सड़क, परिवहन, आवास और संचार सुविधाओं को मजबूत किया जाए तो चंबा राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बना सकता है।इसके साथ ही जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की मांग भी उठाई गई, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और पलायन को रोका जा सके। वहीं अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना को पुनः बहाल कर नियमित रूप से लागू करने की मांग भी रखी गई।इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने मांगपत्र पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। वहीं दिलदार अली बट्ट ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार के सहयोग से चंबा सहित पूरे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!