ऐतिहासिक रिज मैदान पर हर्षोल्लास के साथ मना राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह

शिमला 26 जनवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आज राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भव्य परेड, विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में एकलव्य कला मंच हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रथम वाहिनी आई.आर.बी.एन. बनगढ़, ऊना द्वारा एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

इसके अतिरिक्त उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तराखंड के दलों के साथ-साथ हमीरपुर एवं जिला शिमला के सांस्कृतिक दलों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पुलिस विभाग की झांकी में चिट्टा जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों को दर्शाया गया। इसके अलावा सेना द्वारा शस्त्र प्रदर्शन, कृषि विभाग की ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर आधारित झांकी, उद्यान विभाग की वैज्ञानिक बागवानी, वन विभाग की वन संरक्षण पहल, पर्यटन विभाग की एडवेंचर टूरिज्म, महिला एवं बाल विकास विभाग की इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, स्वास्थ्य विभाग की तंबाकू मुक्त हिमाचल सहित अनेक विभागों की झांकियां प्रदर्शित की गईं।

इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 के उत्तम जीवन रक्षा पदक से ऋतिक चौहान, निवासी गांव गागना, तहसील चौपाल, जिला शिमला को सम्मानित किया। ऋतिक ने रेलवे ट्रैक पर खेल रही दो बच्चियों को ट्रेन से बचाकर साहस और मानवता की मिसाल पेश की।परेड का नेतृत्व लेफ्टिनेंट शाश्वत तिवारी (जे एंड के राइफल) ने किया। मार्च पास्ट में सेना, अर्धसैनिक बलों, पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड सहित विभिन्न टुकड़ियों ने भाग लिया। समारोह में विधायक, महापौर, वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
