डलहौजी में सात दिवसीय विंटर फेस्ट-2025 का भव्य शुभारंभ, पर्यटन व संस्कृति को मिलेगा नया आयाम

डलहौजी/चंबा 25 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डलहौजी में सात दिवसीय विंटर फेस्ट–2025 का शुभारंभ आज विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि चंबा जिला अपनी पारंपरिक लोक-कला एवं सांस्कृतिक विरासत के लिए विशेष पहचान रखता है। विंटर फेस्ट जैसे आयोजनों से यहां आने वाले पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और कला को नजदीक से जानने व समझने का अवसर मिलता है।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि डलहौजी देश के प्रमुख हिल स्टेशनों में से एक है, जहां का स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध हवा और प्राकृतिक सौंदर्य इसे अन्य पर्यटन स्थलों से अलग पहचान देता है।

उन्होंने कहा कि चंबा जिले में सस्टेनेबल टूरिज्म, ट्रैकिंग, हेल्थ टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन और ग्रामीण पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इस प्रकार के आयोजनों से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है, बल्कि स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं। साथ ही जिले की समृद्ध लोक कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है।उन्होंने विंटर फेस्ट–2025 के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की तथा क्रिसमस और नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

आयोजन समिति की ओर से उप मंडल दंडाधिकारी नागरिक (एसडीएम) अनिल भारद्वाज ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत करते हुए उन्हें शाल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा विंटर फेस्ट–2025 से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।“चलो चंबा अभियान” के तहत आयोजित इस विंटर फेस्ट में गेम्स एवं विभिन्न गतिविधियां, लाइव बैंड शो, ओपन माइक, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रोफेशनल डीजे शो तथा आर्ट एंड हैंडीक्राफ्ट को शामिल किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न उपमंडलों से आए सांस्कृतिक दलों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति राजेश मोगरा, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा सहित अनेक अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में पर्यटक उपस्थित रहे।
