विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किड्स कैंप स्कूल चुवाड़ी के वार्षिक पारितोषिक समारोह में की शिरकत

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किड्स कैंप स्कूल चुवाड़ी के वार्षिक पारितोषिक समारोह में की शिरकत

भटीयात / चम्बा 26 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज किड्स कैंप पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल चुवाड़ी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की सराहना की।

उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ नीट एवं अन्य प्रोफेशनल कोर्सेज में चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय का सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण और बहुआयामी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं। इसी का परिणाम है कि विद्यालय में विद्यार्थियों का नामांकन लगातार बढ़ रहा है।कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के दूरदर्शी एवं अभूतपूर्व निर्णयों के चलते हिमाचल प्रदेश आज शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।

उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को सीबीएसई पाठ्यक्रम से संबद्ध करने के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए समान अवसर प्राप्त होंगे।अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने चुवाड़ी–जोत सुरंग परियोजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इसकी फीजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और निर्माण कार्य बीओटी आधार पर पूर्ण किया जाएगा, जिसमें कई कंपनियों ने रुचि दिखाई है। साथ ही उन्होंने सियुन्ता–लाहडू मार्ग के डबल लेन कार्य को जून 2026 तक पूरा किए जाने की जानकारी दी।इससे पूर्व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए 31 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक राकेश ठाकुर, प्रधानाचार्य सीमा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, अभिभावक एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!