पंचपुला में पुलिस की नाकाबंदी के दौरान टिपर से 157 पेटी अवैध शराब बरामद

पंचपुला में पुलिस की नाकाबंदी के दौरान टिपर से 157 पेटी अवैध शराब बरामद

डलहौजी/चम्बा 16 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा में अवैध शराब की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए बनीखेत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-154ए पर स्थित पंचपुला क्षेत्र में की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक टिपर से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बनीखेत पुलिस द्वारा पंचपुला में नाकाबंदी की गई थी, जहां शक के आधार पर आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने वाहन नंबर HP72B-9544 (टिपर) को जांच के लिए रोका। जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो उसमें से देशी शराब “मार्का ऊना नंबर-1” की कुल 157 पेटियां बरामद की गईं।पुलिस ने मौके पर ही कानूनी प्रक्रिया के तहत पूरी शराब की खेप को कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि शराब की यह खेप अवैध रूप से ले जाई जा रही थी। मामले में पुलिस ने आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पूरे प्रकरण की आगे की जांच पुलिस पोस्ट बनीखेत द्वारा की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसका गंतव्य क्या था।

इस मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भी गश्त एवं नाकाबंदी अभियान लगातार जारी रहेगा।पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब, नशीले पदार्थों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता साफ तौर पर नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!