विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने 43 लाख की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन जन्द्रोग का किया लोकार्पण

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने 43 लाख की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन जन्द्रोग का किया लोकार्पण

भटियात चुवाडी़, 22 अक्तूबर बबलू पठानिया

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात उपमंडल की ग्राम पंचायत जन्द्रोग में 43 लाख 29 हजार रुपये की लागत से बने नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह भवन ग्रामवासियों के विकास का प्रतीक बनेगा और पंचायत स्तर पर योजनाओं के सुचारू संचालन का केंद्र रहेगा।

उन्होंने कहा कि विशेष कार्य योजना के तहत भटियात विधानसभा क्षेत्र में आरंभ किए गए अधिकांश विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं, और अब इन परियोजनाओं के लोकार्पण का क्रम ग्राम पंचायत जन्द्रोग से शुरू हुआ है।

पठानिया ने प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार अपने संसाधनों से आपदा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है, क्योंकि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की आपदा राहत राशि अब तक राज्य को प्राप्त नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि वन भूमि उपलब्ध करवाने के लिए एफआरए के अंतर्गत केंद्र सरकार से अनुमति लेना अनिवार्य है, और राज्य सरकार ने इस विषय पर केंद्र के समक्ष कई बार आग्रह किया है, परंतु अब तक कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र के दूरदराज गांवों को सड़क, पेयजल और विद्युत सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रयास जारी हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 12 सड़क परियोजनाएं अनुमोदन के लिए भेजी गई हैं। साथ ही नाग बिनतरु मंदिर परिसर तक 9 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसका उद्घाटन नवंबर के पहले सप्ताह में किया जाएगा।

इस अवसर पर एसडीएम पारस अग्रवाल, डीएसपी योगराज चंदेल, बीडीओ अनिल गुराडा, पंचायत प्रधान सरिष्टा देवी सहित कई अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!