सरकारी डिपो से मिलने वाला फोर्टिफाइड चावल सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक :- कर्ण ठाकुर

चंबा, 14 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कर्ण ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत उपभोक्ताओं को सरकारी डिपो से फोर्टिफाइड चावल उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। यह चावल पूरी तरह से सुरक्षित, स्वास्थ्यवर्धक तथा पोषक तत्वों से भरपूर है।उन्होंने बताया कि फोर्टिफाइड चावल में आयरन, विटामिन बी-12, फोलिक एसिड सहित कई आवश्यक पोषक तत्वों का समावेश किया गया है। इसका उद्देश्य एनीमिया (खून की कमी) जैसी बीमारियों से लोगों को बचाना है। फोर्टिफाइड चावल विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों के लिए लाभकारी है, क्योंकि यह रक्त की कमी और कुपोषण से होने वाले विकारों की रोकथाम में मदद करता है।कर्ण ठाकुर ने कहा कि फोर्टिफाइड राइस भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार तैयार किया जाता है। इसमें पोषक तत्वों का संतुलन वैज्ञानिक तरीके से मिलाया जाता है, जिससे इसकी गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित होती है।उन्होंने स्पष्ट किया कि इस चावल के सेवन से किसी प्रकार का दुष्प्रभाव नहीं होता है, बल्कि यह शरीर को आवश्यक पोषण प्रदान करता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बाजार में फैल रही अफवाहों एवं भ्रांतियों पर ध्यान न दें और सरकारी डिपो से मिलने वाले फोर्टिफाइड चावल का निश्चिंत होकर सेवन करें।जिला नियंत्रक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, पोषक और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना है, ताकि कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं को जड़ से समाप्त किया जा सके। उन्होंने लोगों से इस योजना का लाभ उठाने और अपने परिवार के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आग्रह किया।