सहकारिता एक अटूट भरोसा, इसे टूटने नहीं देंगे:- मुकेश अग्निहोत्री

सहकारिता एक अटूट भरोसा, इसे टूटने नहीं देंगे:- मुकेश अग्निहोत्री

शिमला 29 दिसम्बर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

नाबार्ड द्वारा अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष-2025 के अवसर पर शिमला में सहकारिता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं बल्कि लोगों का भरोसा है, जिसे किसी भी कीमत पर टूटने नहीं दिया जाएगा। सरकार और सहकारी संस्थाएं मिलकर कार्य करेंगी तथा सहकारिता को आगे कैसे बढ़ाया जाए, इस पर निरंतर मंथन की आवश्यकता है। उन्होंने नई पीढ़ी को सहकारिता से जोड़ने पर विशेष बल दिया।उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी देश में सहकारिता की चर्चा होगी, हिमाचल प्रदेश का नाम प्रमुखता से लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहली सहकारी समिति बढेड़ा में पंजीकृत हुई थी और सहकारिता की अलख हिमाचल ने जगाई है। सहकारिता आज सरकार के समान एक बड़ा तंत्र बन चुकी है, जिसका बजट भी सरकार के बजट के लगभग बराबर है।उन्होंने सहकारी बैंकों को लोगों के विश्वास की पूंजी बताते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं का व्यवहार ऐसा होना चाहिए जिससे समाज का विश्वास और मजबूत हो। भुट्टिको जैसे सहकारी ब्रांड का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इसके उत्पाद देश-विदेश में पहचान बना चुके हैं और यह हिमाचल के लिए गर्व की बात है।

मुकेश अग्निहोत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में सहकारिता के योगदान को भी रेखांकित किया। ऊना जिले में हिम कैप्स द्वारा संचालित लॉ कॉलेज और नर्सिंग संस्थान को उन्होंने सहकारिता की बड़ी सफलता बताया। उन्होंने बताया कि धारा 118 से संबंधित संशोधन विधेयक सेलेक्ट कमेटी के पास गया है, जिससे हिमाचली सहकारी संस्थाओं को राहत मिलने की उम्मीद है।उन्होंने कांगड़ा की चाय, लाहौल की आलू तथा कुल्लू की हिम बुनकर सोसाइटी को पुनः सक्रिय करने की आवश्यकता जताई।

साथ ही बताया कि नाबार्ड के सहयोग से इलेक्ट्रिक व्हीकल नेटवर्क, दुग्ध समितियों और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं। उन्होंने सहकारी बैंकों से लिए गए ऋण की समय पर अदायगी करने की भी अपील की।सम्मेलन में सचिव सहकारिता सी. पालरासु, आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक अनुपम किशोर, नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. विवेक पठानिया सहित विभिन्न विभागों और सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!