हिम बस कार्ड अनिवार्य, बिना कार्ड नहीं मिलेगी एचआरटीसी बसों में किराया छूट

चंबा 13 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों में किराये में छूट और निःशुल्क यात्रा की सुविधा के लिए अब हिम बस कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। निकट भविष्य में बिना हिम बस कार्ड के किसी भी श्रेणी के यात्रियों को निगम की बसों में रियायत नहीं मिलेगी और उन्हें पूरा किराया अदा करना होगा। यह जानकारी एचआरटीसी चंबा के उप मंडलीय प्रबंधक शुगल कुमार ने दी।उन्होंने बताया कि जिला चंबा में अब तक लगभग 2000 हिम बस कार्ड बनाए जा चुके हैं। एचआरटीसी प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि महिलाओं को मिलने वाली 50 प्रतिशत किराया छूट, दिव्यांगजनों, गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों, पुलिस कर्मियों, प्रेस प्रतिनिधियों और छात्रों को दी जाने वाली रियायतें केवल हिम बस कार्ड दिखाने पर ही मान्य होंगी। बस यात्रा के दौरान कार्ड प्रस्तुत न करने की स्थिति में लाभार्थियों को सामान्य यात्रियों की तरह पूरा किराया देना पड़ेगा।उप मंडलीय प्रबंधक ने बताया कि हिम बस कार्ड की कीमत 236 रुपये निर्धारित की गई है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्ड बनाने की प्रक्रिया को ऑनलाइन और ऑफलाइन—दोनों माध्यमों से सरल बनाया गया है। इच्छुक यात्री मोबाइल फोन, कंप्यूटर या लैपटॉप के माध्यम से एचआरटीसी की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा लोक मित्र केंद्रों से भी हिम बस कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध है।कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड और एक फोटो अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन के लिए यात्री https://sso.hp.gov.in वेबसाइट पर जाकर आवश्यक जानकारी और दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। प्रक्रिया पूर्ण होने और भुगतान के बाद प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर का फोटो या विवरण लेकर अपने नजदीकी एचआरटीसी बस स्टैंड के काउंटर पर दिखाने पर हिम बस कार्ड जारी कर दिया जाएगा।एचआरटीसी ने सभी पात्र यात्रियों से समय रहते हिम बस कार्ड बनवाने की अपील की है, ताकि भविष्य में यात्रा के दौरान किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।