शोघी में नए पंचायत घर का लोकार्पण, 1.75 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

शिमला 11 जनवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शोघी में रविवार को लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नए पंचायत घर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने आनंदपुर पंचायत में नए पंचायत घर, वेद कॉलोनी शोघी में सामुदायिक भवन तथा कहला से लोहाला और आनंदपुर से भोग मार्ग के निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया। शोघी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण और संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। समाज में किसी भी प्रकार के ध्रुवीकरण या बंटवारे से बचते हुए सभी को साथ लेकर विकास करना जनप्रतिनिधियों का दायित्व है।उन्होंने कहा कि नए पंचायत घर के निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यहीं से विकास कार्यों की योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित होंगी।

उन्होंने पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश भर में एक समान डिजाइन के पंचायत घर तैयार किए जा रहे हैं। मंत्री ने बताया कि शोघी क्षेत्र राजधानी का प्रवेश द्वार है, इसलिए यहां मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है। सीएचसी के निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है और आगामी वित्तीय वर्ष में बजट आवंटन के बाद कार्य पूरा किया जाएगा।उन्होंने सुन्नी, घनाहट्टी और शोघी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को सीबीएसई बोर्ड में शामिल करने, करीब 2.5 करोड़ रुपये से सड़कों की मेटलिंग सीजीएमबी तकनीक से करने तथा शोघी बाजार में ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा की।

इसके अलावा शोघी और आनंदपुर पंचायत को विधायक निधि से पांच-पांच लाख रुपये देने की भी घोषणा की गई।मंत्री ने कहा कि फोरलेन निर्माण से पर्यावरण पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर एनएचएआई से निर्धारित दायरे में कार्य कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। जनसभा के बाद उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। नए पंचायत घर का निर्माण 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से किया गया है, जो अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है।
