10 से 16 मार्च तक चंबा दौरे पर रहेंगे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कई कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

चम्बा 10 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 10 मार्च से 16 मार्च तक जिला चंबा के विभिन्न क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे। उनके इस प्रवास के दौरान कई विकासात्मक और जनसंपर्क कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। विभागीय प्रवक्ता ने उनके विस्तृत प्रवास कार्यक्रम की जानकारी साझा की है।प्रवक्ता के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष आज शाम सिहुंता पहुंचेंगे, जहां से वह अपने निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 11 मार्च को वह क्षेत्र के विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इसी दिन दोपहर 3:30 बजे वह सिविल अस्पताल चुवाड़ी का निरीक्षण करेंगे और वहां स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेंगे। इस दौरान अस्पताल प्रशासन और स्थानीय लोगों से भी संवाद करने की संभावना है।12 मार्च को विधानसभा अध्यक्ष विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत मलुंदा के जाजड़ी से भटूंई संपर्क सड़क मार्ग का शिलान्यास करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे आयोजित होगा। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है और स्थानीय विकास को भी बल मिलेगा।13 मार्च को कुलदीप सिंह पठानिया चुराह विधानसभा क्षेत्र के जसोरगढ़ में आयोजित “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग भी मौजूद रहेंगे।इसके बाद 14 मार्च को वह डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भलेई में दोपहर 12:30 बजे “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम के बाद वह डलहौजी में होटल माउंट व्यू में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे और उनका रात्रि विश्राम भी डलहौजी में ही रहेगा।15 मार्च को विधानसभा अध्यक्ष स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जबकि 16 मार्च को वह सिहुंता से शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे। उनके इस दौरे को क्षेत्रीय विकास और जनसंपर्क के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।