हिमाचल सरकार ने 15 और सरकारी स्कूलों को CBSE से जोड़ा, अधिसूचना जारी

शिमला 18 फरवरी चम्बा न्यूज एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए 15 अतिरिक्त सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को Central Board of Secondary Education (CBSE) से संबद्ध करने की मंजूरी प्रदान की है। इस संबंध में शिक्षा विभाग द्वारा 18 फरवरी 2026 को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह निर्णय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुख्खु द्वारा की गई घोषणा के अनुपालन में लिया गया है।सरकार का उद्देश्य इन विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना और शैक्षणिक गुणवत्ता में व्यापक सुधार लाना है। शिक्षा विभाग के अनुसार, CBSE पाठ्यक्रम से जुड़ने से छात्रों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, मानकीकृत पाठ्यक्रम और राष्ट्रीय स्तर पर मान्य परीक्षा प्रणाली का लाभ मिलेगा।अधिसूचना के अनुसार हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, बिलासपुर, सिरमौर, शिमला और मंडी जिलों के चयनित स्कूल अब तत्काल प्रभाव से CBSE पैटर्न के अंतर्गत संचालित होंगे।

हमीरपुर जिले में बदरान, बतरान, रेल और जलारी; कांगड़ा में बरोह, गंगथ और ठाकुरद्वारा; सोलन में चंडी (एस) और जोगों; बिलासपुर में पंजगैन; सिरमौर में अंबोया और सराहन; शिमला में मतियाना तथा मंडी में चौंतड़ा और कोटली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को इस सूची में शामिल किया गया है।शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी वही शैक्षणिक अवसर मिलेंगे जो अब तक शहरी क्षेत्रों तक सीमित थे। साथ ही, शिक्षक प्रशिक्षण, मूल्यांकन प्रणाली और शैक्षणिक संसाधनों में सुधार के माध्यम से स्कूलों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी चरणबद्ध तरीके से और सरकारी स्कूलों को CBSE से जोड़ने की प्रक्रिया जारी रहेगी, ताकि प्रदेश के छात्रों को प्रतिस्पर्धी और रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।