चुराह को जल्द मिलेगी सब्ज़ी मंडी की सौगात, एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर ने किया प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण

चुराह को जल्द मिलेगी सब्ज़ी मंडी की सौगात, एपीएमसी चेयरमैन ललित ठाकुर ने किया प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण

चम्बा 03 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चुराह क्षेत्र के लोगों और किसानों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। क्षेत्र में जल्द ही सब्ज़ी मंडी की सुविधा उपलब्ध होने जा रही है, जिससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए एक बेहतर, व्यवस्थित और स्थायी मंच मिलेगा। सब्ज़ी मंडी की स्थापना से न केवल किसानों को लाभ होगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। इसी कड़ी में आज कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) के चेयरमैन ललित ठाकुर ने प्रस्तावित सब्ज़ी मंडी स्थल का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एपीएमसी चेयरमैन ने मंडी परिसर में उपलब्ध और प्रस्तावित बुनियादी सुविधाओं, निर्माण कार्य की प्रगति तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी सुविधाएं तय मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।ललित ठाकुर ने कहा कि सब्ज़ी मंडी के शुरू होने से चुराह के किसानों को अपनी सब्ज़ियों का उचित मूल्य मिल सकेगा। अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज की मंडियों में जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी, जिससे समय और परिवहन लागत दोनों की बचत होगी। उन्होंने बताया कि यह मंडी चुराह क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।उन्होंने यह भी कहा कि मंडी के संचालन से स्थानीय लोगों को ताज़ी और गुणवत्तापूर्ण सब्ज़ियां उचित दामों पर उपलब्ध होंगी।

इससे न केवल किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संपर्क बनेगा, बल्कि बिचौलियों की भूमिका भी सीमित होगी। चेयरमैन ने भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सब्ज़ी मंडी को जल्द से जल्द आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।सब्ज़ी मंडी की घोषणा और निरीक्षण से स्थानीय किसानों और लोगों में खुशी की लहर है। उन्होंने इसे चुराह क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!