शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 14–15 जनवरी को कोटखाई व नावर क्षेत्र के प्रवास पर

शिमला 13 जनवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राज्य के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 14 और 15 जनवरी 2026 को शिमला जिला के कोटखाई और नावर क्षेत्र के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लोकार्पण के साथ-साथ स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद कर क्षेत्र की जनसमस्याओं से रूबरू होंगे।सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा मंत्री 14 जनवरी को प्रातः 11 बजे कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाग डुमेहर के जालठ क्षेत्र में जालठ-I से जालठ-II तक निर्मित संपर्क सड़क का विधिवत लोकार्पण करेंगे। इस सड़क के उद्घाटन से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। कार्यक्रम के उपरांत शिक्षा मंत्री स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे तथा आम जनता की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।प्रवास के दूसरे दिन, 15 जनवरी को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर प्रातः 11 बजे नावर क्षेत्र के पुजारली नंबर-4 में नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण करेंगे। इस पंचायत भवन के निर्माण से स्थानीय प्रशासनिक कार्यों को गति मिलने के साथ-साथ ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लोकार्पण समारोह के बाद शिक्षा मंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और जनसमस्याओं पर चर्चा करेंगे।इसके पश्चात शिक्षा मंत्री दोपहर 2:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिक्कर में रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं और क्षेत्र में स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।शिक्षा मंत्री के इस प्रवास को क्षेत्र के विकास और जनसरोकारों के दृष्टिगत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।