विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, समय सीमा में पूर्णता सुनिश्चित करने पर जोर

चम्बा 07 अप्रैल मुकेश कुमार(गोल्डी)
जिला उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने विभिन्न विकेन्द्रीकृत योजनाओं तथा संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडीएस) के तहत स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022-23 तक स्वीकृत सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।उपायुक्त ने यह निर्देश जिला स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने कार्यान्वयन एजेंसियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जिन योजनाओं का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है, उनके लिए हर संभव विकल्प तलाशे जाएं। यदि किसी कारणवश कार्य शुरू करना संभव नहीं है, तो संबंधित राशि को जिला प्राधिकरण या सरकारी कोष में वापस जमा करना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने आगे कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 के अंतर्गत प्रगति पर चल रही सभी योजनाओं को एक माह के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि अनावश्यक देरी से बचा जा सके। इसके साथ ही वर्ष 2026 तक स्वीकृत सभी कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए।उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं के उपयोग और पूर्णता प्रमाण पत्र को समय-समय पर योजनाओं की निगरानी सूचना प्रणाली तथा ई-साक्षी पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अपडेट करने और प्रत्येक माह की 10 तारीख से पहले जिला योजना अधिकारी को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।

बैठक का संचालन जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, उपनिदेशक पशुपालन राकेश भंगालिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।