भरमाणी माता मंदिर में चोरी, दानपात्र व कपाट के ताले तोड़े अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

भरमाणी माता मंदिर में चोरी, दानपात्र व कपाट के ताले तोड़े

भरमौर/ चम्बा 17 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

भरमौर क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भरमाणी माता मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। अज्ञात चोरों ने मंदिर के दानपात्र से चढ़ावा चोरी कर लिया और मंदिर के कपाट पर लगे ताले भी तोड़ दिए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।जानकारी के अनुसार चोरी का खुलासा उस समय हुआ जब कुछ स्थानीय युवक दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के कपाट तथा दानपात्र के ताले टूटे हुए हैं। इस पर युवकों ने तुरंत प्रशासन को सूचित किया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर तहसीलदार तेजराम ने पुलिस को तहरीर भेज दी है।बताया जा रहा है कि हाल ही में क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी के कारण मंदिर परिसर सुनसान पड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

बर्फबारी के बाद जब लोग मंदिर पहुंचे, तो चोरी की घटना सामने आई।गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में स्थित इस मंदिर में दानपात्र से नकदी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दानपात्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि भरमौर के चौरासी मंदिर परिसर में भी दानपात्रों से पैसे निकालने की घटनाएं देखी गई हैं। उन्होंने मणिमहेश ट्रस्ट से मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।वहीं बाड़ी गांव के भरमाणी माता मंदिर के पुजारियों का कहना है कि परंपरागत रूप से मंदिर के कपाट कभी बंद नहीं किए जाते थे।

माता की मूर्तियां खुले मंदिर में ही स्थापित रहती थीं। लेकिन हाल के वर्षों में ग्रिल का दरवाजा लगाकर ताला लगाया जाने लगा, जो परंपरा के विपरीत है।उधर, तहसीलदार तेजराम ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को शिकायत भेजी जा रही है और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कितना चढ़ावा चोरी हुआ है। थाना भरमौर की ओर से कहा गया है कि औपचारिक शिकायत मिलने के बाद ही जांच शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!