पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन चम्बा की बैठक, सरकार से शीघ्र समाधान की मांग

चम्बा 03 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन इकाई चम्बा की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला मुख्यालय में प्रधान लेखराज ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026 के आगमन पर सभी सदस्यों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं तथा पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पेंशनरों की लंबित समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना रहा।बैठक में महासचिव सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने पेंशनरों की प्रमुख समस्याओं और मांगों को रखते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के बावजूद अब तक पेंशनरों के मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं किया गया है। लंबे समय से लंबित भुगतान के कारण पेंशनरों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते उपचार कराना पेंशनरों के लिए अत्यंत आवश्यक है, लेकिन मेडिकल बिलों का भुगतान न होने से उनका इलाज कराना भी एक बड़ी चुनौती बन गया है।महासचिव ने आगे कहा कि वर्ष 2016 से 2022 तक के पे फिक्सेशन एरियर से संबंधित भुगतान भी अब तक लंबित हैं। इसके अलावा 70 से 75 वर्ष आयु वर्ग के पेंशनरों को मिलने वाली बकाया राशि का भुगतान भी सरकार की ओर से नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन कई बार आंदोलन का रास्ता भी अपना चुकी है, लेकिन इसके बावजूद पेंशनरों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।बैठक में मौजूद अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि पेंशनरों ने अपना पूरा जीवन सरकारी सेवा में समर्पित किया है, इसलिए उनके साथ इस प्रकार की उपेक्षा न्यायसंगत नहीं है। सदस्यों ने सरकार से मांग की कि पेंशनरों की सभी लंबित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक और गंभीरता से विचार किया जाए।

अंत में पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन इकाई चम्बा ने सरकार से आग्रह किया कि मेडिकल बिलों, पे फिक्सेशन एरियर तथा अन्य बकाया राशियों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पेंशनरों को जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव में आर्थिक और मानसिक परेशानियों से राहत मिल सके।