पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर भटीयात के विद्यार्थियों का पुलिस थाना डलहौजी शैक्षणिक भ्रमण

पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर भटीयात के विद्यार्थियों का पुलिस थाना डलहौजी शैक्षणिक भ्रमण

डलहौजी/चंबा 12 फरवरी मुकेश कुमार( गोल्डी)

पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर भटीयात के छात्र-छात्राओं ने आज पुलिस थाना डलहौजी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर स्थानीय पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और समाज में उसकी भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। भ्रमण का उद्देश्य बच्चों में कानून व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पुलिस और आमजन के बीच सकारात्मक संबंधों को मजबूत करना रहा।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा नियमों, कानून के पालन और समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे को बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था ही नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और शांति बनाए रखने में एक सहयोगी भूमिका भी निभाती है।इस दौरान कार्यक्रम के सह-प्रभारी कपिल देव ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विशेष रूप से जागरूक किया।

उन्होंने बताया कि किस प्रकार नशा तस्कर पहले बच्चों को लालच और झूठे प्रलोभनों में फंसाकर धीरे-धीरे नशे की दलदल में धकेल देते हैं, जिससे उनका भविष्य बर्बाद हो जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और अपनी ऊर्जा पढ़ाई, खेलकूद तथा विभिन्न रचनात्मक व प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों में लगाएं।कपिल देव ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के मन में पुलिस को लेकर व्याप्त भय को दूर करने में सहायक होते हैं। इससे पुलिस और आम नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी, के बीच की दूरी कम होती है और आपसी विश्वास को बढ़ावा मिलता है।

बच्चों को यह भी समझाया गया कि किसी भी समस्या या संकट की स्थिति में वे निसंकोच पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।कार्यक्रम के अंत में पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रायपुर भटीयात स्कूल से आए स्कूल प्रबंधन एवं शिक्षकों ने शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने के लिए स्थानीय पुलिस का तहे दिल से धन्यवाद किया और भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!