आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत चुवाड़ी में समीक्षा बैठक, विकास कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त

चम्बा 20 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा 20 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)उपमंडल चुवाड़ी स्थित खंड विकास कार्यालय के कॉन्फ्रेंस कक्ष में आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त सचिव एवं विकास आयुक्त, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार तथा आकांक्षी जिला कार्यक्रम चंबा के केंद्रीय प्रभारी डॉ. रजनीश कुमार (भारतीय प्रशासनिक सेवा) ने की।बैठक में आकांक्षी जिला चंबा के अंतर्गत विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में अब तक प्राप्त उपलब्धियों एवं कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान नीति आयोग द्वारा निर्धारित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (केपीआई) के संदर्भ में विभिन्न विभागों की प्रगति पर गहन चर्चा की गई।डॉ. रजनीश कुमार ने नीति आयोग के मानकों के अनुरूप जिला प्रशासन के सकारात्मक प्रदर्शन की सराहना करते हुए अधिकारियों को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नीति आयोग से प्राप्त प्राइज मनी के माध्यम से जिले में स्थापित की गई 20 नई लाइब्रेरी, प्री-प्राइमरी स्तर के 17 नए स्कूलों के निर्माण तथा सीएसआर के तहत भवनविहीन विद्यालयों के लिए किए जा रहे भवन निर्माण कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।स्वास्थ्य क्षेत्र की समीक्षा करते हुए उन्होंने संस्थागत प्रसव की दर बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अतिरिक्त प्रयास करने के निर्देश दिए।

साथ ही कम जन्म भार वाले बच्चों की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए इस विषय पर अध्ययन कर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने दूर-दराज क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा घुमंतू समुदायों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।कृषि एवं बागवानी क्षेत्र की समीक्षा के दौरान डॉ. रजनीश कुमार ने सिंचाई क्षेत्र में विस्तार करने और किसानों को फसल बीमा योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। वहीं पशुपालन विभाग को जिले में घटते पशुपालन व्यवसाय को पुनर्जीवित करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए।बैठक का संचालन उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए सामने आ रही चुनौतियों से अवगत कराया, जिस पर डॉ. रजनीश कुमार ने संबंधित मुद्दों को सक्षम स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया।बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराड़ा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।