भाजपा विधायक हंसराज ने यौन उत्पीड़न मामले में लगाई अग्रिम जमानत याचिका, आज होगी सुनवाई

चंबा 11 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों में घिरे चुराह से भाजपा विधायक डॉ. हंसराज ने गिरफ्तारी से बचने के लिए चंबा की जिला अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। अदालत में इस याचिका पर आज सुनवाई निर्धारित की गई है। मामला सामने आने के बाद से ही यह प्रकरण न केवल राजनीतिक गलियारों बल्कि आम जनता के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, चंबा पुलिस ने भाजपा विधायक हंसराज को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वे पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुए। इस बीच पुलिस ने मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अब सबकी नजरें अदालत के निर्णय पर टिकी हैं, जिससे इस हाई प्रोफाइल केस की अगली दिशा तय होगी।
गौरतलब है कि युवती ने शिकायत में आरोप लगाया है कि जब वह नाबालिग थी, तब विधायक ने उसका यौन उत्पीड़न किया था। इस आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया है। पॉक्सो की धारा लगने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
वहीं, विधायक हंसराज का फोन लगातार बंद है और उनका सोशल मीडिया पेज भी हाल के दिनों में अपडेट नहीं हुआ है। भाजपा नेता पर यह मामला इसी महीने की 7 तारीख को दर्ज हुआ था।
पीड़िता ने पहले फेसबुक पर लाइव होकर विधायक पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद युवती के पिता ने भी मीडिया के समक्ष आकर अपनी बेटी के साथ अन्याय की बात कही और विधायक पर धमकाने व बयान बदलवाने के आरोप लगाए। बाद में चंबा पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत पर विधायक के निजी सचिव और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी मामला दर्ज किया।
अब अदालत में होने वाली सुनवाई के बाद ही यह तय होगा कि विधायक को अग्रिम जमानत मिलती है या नहीं। वरिष्ठ अधिवक्ता पंकज चौहान का कहना है कि न्यायालय के निर्णय के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी, लेकिन फिलहाल भाजपा नेता की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं।