उप तहसील भलेई में आपदा से भारी तबाही, कई परिवार बेघर, राहत का इंतजार

डलहोजी/चंबा 13 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा की उपतहसील भलेई के अंतर्गत हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा ने क्षेत्र के जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस आपदा के चलते कई परिवारों की कमर टूट गई है और क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नुकसान सामने आया है। प्रभावित इलाकों में अनेक लोगों के मकान और गोशालाएं बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे लोगों को सिर छुपाने और पशुधन के संरक्षण की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।आपदा का सबसे अधिक असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ा है। कई स्थानों पर उपजाऊ कृषि भूमि पूरी तरह से तबाह हो गई है, जिससे किसानों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। खेतों में मलबा भर जाने और भूमि के कटाव के कारण फसल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों की मेहनत से तैयार की गई खेती कुछ ही पलों में नष्ट हो गई।आपदा के बाद प्रभावित परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कई लोग अस्थायी ठिकानों में रहने को मजबूर हैं, वहीं अनेक परिवारों को अब तक राहत राशि नहीं मिल पाई है। राहत में हो रही देरी के कारण पीड़ितों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और उनमें प्रशासन से शीघ्र सहायता की उम्मीद बनी हुई है।इस संबंध में नायब तहसीलदार भलेई कमलेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आपदा से हुए नुकसान का आकलन कार्य जारी है। प्रशासनिक टीमें प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं और प्रत्येक क्षतिग्रस्त मकान, गोशाला व कृषि भूमि का विस्तृत सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आकलन प्रक्रिया पूरी होते ही पात्र प्रभावितों को नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध करवाई जाएगी।प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावितों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।