चम्बा में कॉलेज छात्रा पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी युवक गिरफ्तार

चम्बा 25 अक्टूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा शहर में एक युवती पर चाकू से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। चाकू के हमले में घायल हुई युवती हरदासपुरा मोहल्ले की रहने वाली बताई जा रही है, जो कॉलेज में अध्ययनरत है।मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान 23 वर्षीय अर्जुन वीर सिंह पुत्र बलविंदर सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है, जो शहर के एक सैलून में काम करता है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक लंबे समय से युवती को परेशान कर रहा था। शनिवार सुबह जब युवती कॉलेज गई, तो आरोपी वहां भी पहुंच गया और उसे तंग करने लगा। उसकी हरकतों से परेशान होकर युवती ने महिला थाने में शिकायत दर्ज करवाने का निर्णय लिया।

सूत्रों के अनुसार, जब युवती बारगाह स्थित महिला थाने से कुछ दूरी पर पहुंची, तभी आरोपी वहां आ धमका और अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती की गर्दन पर गंभीर चोट आई। उसने किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों की मदद से युवती को तत्काल मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस थाना सदर चम्बा की टीम थाना प्रभारी एसएचओ सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल युवती के बयान दर्ज कर मामले में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, जबकि शहरवासियों में इस घटना को लेकर रोष का माहौल है।