राजकीय उच्च विद्यालय सकरेरा में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का सम्मान

डलहौजी/ चम्बा, 16 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय उच्च विद्यालय सकरेरा में आज प्रातःकालीन सभा के दौरान जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दो छात्राओं को स्मृति चिन्ह और पदक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं के अभिभावकों, विद्यालय स्टाफ और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भाग लिया।विद्यालय की कक्षा आठवीं की छात्रा कनिका ने अंडर-14 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 36 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया, वहीं अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सिमरन देवी ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल विद्यालय बल्कि शिक्षक खंड बनीखेत का नाम भी रोशन किया।कार्यक्रम के दौरान पाठशाला प्रभारी वीरेंद्र ठाकुर ने दोनों छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि बच्चों की लगन, परिश्रम और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों के प्रोत्साहन और पीईटी राकेश कुमार के मार्गदर्शन की भी सराहना की और दोनों छात्राओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान शिक्षिका सीमा ने दोनों छात्राओं को पुष्पमालाएं और मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन समिति और सभी शिक्षकों ने संयुक्त रूप से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए।इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष रविंद्र सिंह, पाठशाला प्रभारी वीरेंद्र सिंह ठाकुर, शिक्षक नारायण सुख, रमन शर्मा, गिरधारी, केवल सिंह, सीमा, राकेश कुमार, अमित कुमार, संतोष कुमार सहित दोनों छात्राओं के अभिभावक विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और छात्राओं की इस उपलब्धि पर पूरे विद्यालय समुदाय ने गर्व व्यक्त किया।
