चंबा में काव्य संग्रह ‘पहाड़ में प्रार्थना’ का लोकार्पण, साहित्य और संस्कृति पर हुआ सार्थक संवाद

चंबा, 21 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश तथा हिमाचल कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी के संयुक्त तत्वाधान में जिला मुख्यालय चंबा में प्रख्यात लेखक डॉ. प्रशांत रमण रवि द्वारा लिखित काव्य संग्रह ‘पहाड़ में प्रार्थना’ का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव तथा भाषा, कला, संस्कृति, शिक्षा, सूचना एवं जनसंपर्क और ऊर्जा विभाग के सचिव राकेश कंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पद्मश्री सम्मानित कलाकार एवं चंबा के प्रतिष्ठित समाजसेवी विजय शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाई।कार्यक्रम के दौरान प्रो. चंद्रकांत (केंद्रीय विद्यालय धर्मशाला), कवि एवं लेखक अजेय, सहायक प्रोफेसर स्नेहदीप तथा डॉ. सत्यनारायण स्नेही सहित कई साहित्यकारों ने काव्य संग्रह की विषयवस्तु, संवेदनशीलता तथा सामाजिक दृष्टिकोण पर अपने विचार व्यक्त किए।

वक्ताओं ने कहा कि यह काव्य संग्रह न सिर्फ पहाड़ की प्रकृति, भावनाओं और संस्कृति का स्वर है, बल्कि आधुनिक समाज को संवेदनशीलता और मानवीयता से जोड़ने का माध्यम भी है।मुख्य अतिथि राकेश कंवर ने अपने संबोधन में लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि साहित्य समाज को दिशा देने और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए विद्यार्थियों से संवाद किया और शिक्षा, करियर तथा संस्कृति संरक्षण पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। मंच संचालन विभाग की उपनिदेशक कुसुम संघईक व प्रधानाचार्य जगजीत आजाद ने किया, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव संयुक्त निदेशक भानु गुप्ता ने प्रस्तुत किया।इस अवसर पर सहायक निदेशक सुनीता ठाकुर, सेवानिवृत्त उपनिदेशक विद्यासागर, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
