कुठेड़ पंचायत में महिला की आत्महत्या, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी

कुठेड़ पंचायत में महिला की आत्महत्या, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी

चम्बा 17 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपमंडल चंबा के अंतर्गत कुठेड़ पंचायत में महिला द्वारा अपनी इहलीला समाप्त किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 45 वर्षीय अंजू देवी पत्नी प्रेम लाल, निवासी गांव डंगाल के रूप में हुई है। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जांच आरंभ कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार अंजू देवी ने अपने घर के समीप खेतों में स्थित एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब महिला का बेटा खेतों की ओर गया तो उसने अपनी मां का शव पेड़ से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखकर वह जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगा। बेटे की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक जांच के लिए आरएफएसएल (क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी बुलाया। इस दौरान महिला के मायका पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए।पुलिस द्वारा देर शाम तक मृतका के ससुराल और मायका पक्ष के लोगों के बयान कलमबंद किए गए हैं। आत्महत्या के कारणों को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज चम्बा में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!