साईं पब्लिक स्कूल नैनीखड के विद्यार्थियों का बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन, प्रदेश की मेरिट सूची में दर्ज कराया नाम

डलहोजी /चम्बा 16 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेश स्तर की मेरिट सूची में स्थान बनाना हर विद्यार्थी का सपना होता है। इस सपने को साकार करते हुए साईं पब्लिक स्कूल, नैनीखड के विद्यार्थियों ने सत्र 2024–25 की दसवीं कक्षा की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर एक बार फिर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित परिणामों में विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने प्रदेश की मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज करवाया।मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बोर्ड द्वारा भेजे गए मेरिट सर्टिफिकेट साईं पब्लिक स्कूल नैनीखड के प्रबंधक सुभाष साहिल के करकमलों से वितरित किए गए।

सर्टिफिकेट प्राप्त करते समय विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत कर मेरिट सूची में स्थान बनाए रखने का संकल्प लिया, ताकि वे अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ा सकें।मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वालों में बरुला से अनामिका (677 अंक), तुनुहट्टी से प्रतिज्ञा ठाकुर (655 अंक), तुनुहट्टी (द्रब्बड़) से नितिन कुमार (655 अंक), सलोड़का (ककीरा) से दिव्या भारद्वाज (648 अंक), तुनुहट्टी से अंशिका (630 अंक), मेल से रोहित कुमार (626 अंक), नडल (बेढल) से अभिषेक (621 अंक), किहार से अनमोल (611 अंक), बरुला से नैतिक धीमान (606 अंक), तुनुहट्टी से करण ठाकुर (565 अंक), प्रिंस ठाकुर (561 अंक) तथा अरुण ढढवाल (549 अंक) शामिल हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सुभाष साहिल ने विद्यार्थियों की इस सफलता का श्रेय संस्थान के कर्मठ अध्यापकों और अभिभावकों को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से ही बच्चों ने यह उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। कार्यक्रम में संस्थान के सभी अध्यापक उपस्थित रहे और विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।
