चंबा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 10.26 ग्राम चिट्टा बरामद, दो पंजाबवासी युवक गिरफ्तार

चंबा, 03 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस थाना सदर की टीम को उस समय बड़ी सफलता हासिल हुई। जब चंबा-तीसा मुख्य मार्ग इटनाला के पास पुलिस दल द्वारा की गई नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार दो युवकों से चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।पुलिस ने बताया कि पंजाब नंबर की मोटरसाइकिल पीबी 46 एएन 1810 पर सवार दो युवकों को जब नाकाबंदी के दौरान रोका गया तो वे घबराए हुए नजर आए। पुलिस द्वारा तलाशी की बात कहने पर दोनों युवकों ने आनाकानी की। संदेह होने पर पुलिस ने जब कड़ी तलाशी ली तो उनके कब्जे से कुल 10.26 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।आरोपियों की पहचान पंजाब निवासी विशाल शर्मा और हरचरण सिंह के रूप में हुई है। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना सदर में मामला दर्ज किया गया है।

इस मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने की। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि यह नशे की खेप कहां सप्लाई की जानी थी और इनके तार चंबा जिले में किन लोगों से जुड़े हुए हैं।एसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे नशे के कारोबार की सूचना पुलिस को तुरंत दें ताकि युवाओं को इस जहर से बचाया जा सके।पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद चंबा में सक्रिय नशा तस्करों के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।