डलहौजी पुलिस को बड़ी सफलता PIT ND&PS एक्ट में वांछित आरोपी को काबू किया

डलहौजी/ चम्बा 07 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस चौकी बनीखेत की टीम ने PIT ND&PS एक्ट 1988 के तहत वांछित आरोपी अविनाश कुमार उर्फ ‘परमाणू’ को बीती मध्यरात्रि जीरो प्वाइंट गोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की निरंतर सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई को दर्शाती है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना देहरा, जिला कांगड़ा से 06 दिसंबर 2025 को दूरभाष के माध्यम से डलहौजी पुलिस को सूचना प्रदान की गई कि अविनाश कुमार उर्फ परमाणू की तलाश जारी है। आरोपी का संबंध पहले से दर्ज PIT ND&PS एक्ट के मामले से है और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर बना हुआ था। सूचना मिलते ही डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा के दिशा-निर्देशों पर बनीखेत पुलिस चौकी की टीम ने क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।पुलिस टीम द्वारा की गई त्वरित और योजनाबद्ध कार्रवाई के चलते आरोपी को देर रात जीरो प्वाइंट गोली क्षेत्र में दबोच लिया गया। आरोपी की पहचान अविनाश कुमार, पुत्र स्व. सुनील कुमार, निवासी गांव सौटदयाल, डाकघर नेहरनपुखर, तहसील देहरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना देहरा के सुपुर्द कर दिया गया है।डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा ने पुष्टि करते हुए कहा कि यह कार्रवाई नशे के सौदागरों के खिलाफ चल रहे अभियान को और मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस नशे की तस्करी और संबंधित अपराधों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत निरंतर कार्य कर रही है।स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की कानून व्यवस्था बेहतर होगी और नशे के खिलाफ लड़ाई को नई गति मिलेगी।