बेहरापन जागरूकता सप्ताह पर बकानी स्कूल में शिविर आयोजित

चंबा, 26 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा द्वारा आज राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकानी में जिला स्तरीय बेहरापन जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर ने बताया कि इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य छात्रों एवं आमजन में बेहरापन के लक्षणों, कारणों और समय रहते उपचार के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि बेहरापन के प्रमुख कारणों में गर्भवती महिलाओं में फोलिक एसिड और आयोडीन की कमी, गर्भावस्था के दौरान सिफलिस और रूबेला संक्रमण, कान में बार-बार संक्रमण होना, कान को तीली या अन्य साधनों से कुरेदना तथा लगातार ऊँची आवाज में ईयरफोन का प्रयोग शामिल हैं।

उन्होंने आगे बताया कि भारत की 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 5.73 मिलियन लोग सुनने में कठिनाई का सामना करते हैं, जबकि 1.98 मिलियन लोगों को बोलने में परेशानी होती है। 0-6 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 23% बच्चों को सुनने की समस्या रहती है और 0-19 वर्ष आयु समूह के लगभग 20% युवाओं को साफ सुनने में कठिनाई होती है। अधिकांश मामलों में समय पर पहचान न होने से समस्या गंभीर हो जाती है। इसलिए किसी भी तरह की सुनने की परेशानी होने पर सीधे स्वास्थ्य संस्थान में विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए और झोलाछापों से बचना चाहिए।शिविर के दौरान छात्रों को विस्तारपूर्वक जानकारी देने के साथ-साथ भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

इसमें किरण ने पहला स्थान प्राप्त किया, दिव्यांशी दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि नेहा तीसरे स्थान पर रही। याशिता और रिया को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।यह कार्यक्रम छात्रों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।